रायबरेली मे गुरूवार को पीएनबी बैक मे रकम बदलने के बाद अंगुली मे लगी स्याही दिखती युवतियां ।
- फोटो : अमर उजाला
बैंकों में पुराने नोट बदलवाते समय अंगुली पर अमिट स्याही लगाने से बैंकों में भीड़ घट गई हैं। एक सप्ताह से खचाखच भरे रहने वाले बैंकों के परिसर गुरुवार को काफी हद तक खाली दिखे। इसके अलावा एटीएम से पैसा निकालने वाले ग्राहकों की संख्या में कमी आई है। माना जा रहा है कि धीरे-धीरे बैंकों पर दबाव कम हो जाएगा।
शहर के एसबीआई बैंक की मुख्य शाखा में गुरुवार को कैश काउंटर के सामने लाइन छोटी थी। जबकि एक दिन पहले तक पूरा परिसर भरा रहता था। पैसा निकालने व जमा करने के बाद बाहर निकलने में पसीना छूटता था।
लेकिन पुराने नेाट जमा कर नये नोट पाने के लिए लाइन में लगे ग्राहकों की अंगुली में अमिट स्याही लगाने का असर यह रहा कि लोगों की भीड़ कम होने लगी है। एसबीआई शाखा में पैसा बदलने के बाद कई युवतियों ने अपने हाथ की स्याही दिखाई।
कमोवेश मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक बैंकों में ग्राहक कम संख्या में पहुंचे। शादी वाले ग्राहकों की निकासी सीमा ढाई लाख व किसानों की 25 हजार रुपये किए जाने से लोगों की परेशानी कम होने के आसार हैं।