जिले में नोट बंदी के 19 दिन बाद भी एटीएम से धन निकालने की व्यवस्था पटरी पर नहीं सकी। हालात ये हैं कि मौजूदा समय में 307 में से महज 36 एटीएम ही संचालित हो रहे हैं। बाकी एटीएम महज शोपीस बने हुए हैं।
बैंक अधिकारी जल्दी ही सभी एटीएम चालू कराने का दावा कर रहे हैं, फिलहाल ग्राहकों को धन निकासी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण सभी बैंक बंद थी।
लोगों को धन निकासी के लिए एटीएम पर भरोसा था, लेकिन रविवार को शहर में बैंक ऑफ बड़ौदा, पीएनबी, एक्सिस बैंक, यूनाइटेड बैंक समेत अन्य बैंकों के एटीएम बंद नजर आए। ग्राहक बंद एटीएम देखकर मायूस होकर वापस घर लौटते रहे। देहात क्षेत्रों में भी कमोबेश यही हाल रहा।
नोटबंदी के बाद से ग्रामीण अंचलों में एटीएम बंद चल रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। खाता धारक सईद, मनीष कुमार, बजरंगी का कहना है कि बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक समेत अन्य बैंकों के एटीएम बंद चल रहे हैं।
सुबह धन निकालने पहुंचा तो एटीएम बंद थे। इससे वापस लौटना पड़ रहा है। गेहूं की बोआई करनी है, लेकिन धन की कमी से ऐसा नहीं हो पा रहा है। कार्यवाहक एलडीएम साैरभ कुमार का कहना है कि जिले में 307 एटीएम हैं। जिसमें से 36 एटीएम चालू हैं।
जो भी एटीएम चल रहे हैं, उनमें ज्यादातर एटीएम भारतीय स्टेट बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के हैं। सभी बैंक एटीएम संचालन अपनी व्यवस्था के अनुसार कर रहे हैं। सभी एटीएम चालू कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए बैंकों के शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं। जल्द व्यवस्था पटरी पर आएगी।