रायबरेली। जिले की बैंकों में 28, 29 और 30 सितंबर को तालाबंदी रहेगी। बैंक अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इससे खाताधारकों को मुश्किलों का सामना करना होगा। एटीएम पर धननिकासी के लिए लोगों का बोझ बढ़ेगा। रविवार को बैंकें खुली रहीं, लेकिन अधिकारियों, कर्मचारियों ने हाथ में काली पट्टी व काले कपड़े पहनकर विरोध जताया। कहा कि मांगों पूरी न होने पर देश व्यापी हड़ताल होगी। सरकार को उनकी मांगों पर विचार करना होगा।
पांच दिवसीय बैंकिंग और अन्य लंबित मुद्दों को लेकर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक अधिकारी और कर्मचारी 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल कर रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले हो रही हड़ताल की वजह से बैंकों में ताला लटका रहेगा।
बैंक यूनियंस के संयोजक मधुरेश सिंह ने बताया कि सरकार ने अपने अहंकार को संतुष्ट करने और पांच दिवसीय बैंकिंग के समर्थन में यह कदम उठाया है। भारतीय स्टेट, बैंक आफ बड़ौदा के अलावा अन्य सभी बैंक शाखाओं में हड़ताल रहेगी। बीएसएनएल दफ्तर के पास हम लोग एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
रविवार को बैंकों में लेनदेन हुआ, लेकिन हाथ में काली पट्टी व काले कपड़े पहनकर अधिकारियों व कर्मचारियों ने विरोध जताया है। केंद्र सरकार की मनमानी किसी कीमत पर नहीं चलेगी।
कचहरी रोड स्थित खुला रहा बीओबी।