बछरावां कस्बा में हाईवे पर जाम लगने से धीरे-धीरे निकलते वाहन।
बछरावां। कस्बे में मंगलवार को लोगों को जाम से जूझना पड़ा। जाम में फंसे लोगों को उमस भरी गर्मी से जूझना पड़ा। करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। दोपहर करीब 12 बजे स्कूलों में छुट्टी होने से भीड़ बढ़ गई। रायबरेली-प्रयागराज हाईवे, बछरावां-शिवगढ़ मार्ग, महराजगंज मार्ग पर वाहनों की लाइन लग गई।
जाम में एंबुलेंस भी फंसी रही। सेंहगो के शिवकुमार, शिवगढ़ के आदर्श तिवारी, विपिन कुमार, आशीष बाजपेयी ने बताया कि कस्बे में व्यापारी सड़क की पटरी तक दुकान लगाते हैं। सड़क पर बसें खड़ी होने से भी जाम बढ़ गया। नागरिकों ने बताया कि पूर्व में थाने की बाउंड्रीवॉल के किनारे से ठेलिया दुकानदारों को हटाया गया था। यह जगह लखनऊ से रायबरेली जाने वाली बसों के लिए खाली कराई गई थी।
उद्देश्य था कि बसें हाईवे पर खड़ी न होकर निर्धारित स्थान पर रुकें। पटरी दुकानदारों ने फिर से बाउंड्रीवाॅल के किनारे दुकानें लगानी शुरू कर दी हैं। इससे बसें सड़क पर खड़ी होती है। इससे भी जाम लगता है। जाम लगने की जानकारी पर पुलिस कर्मी पहुंचे। किसी तरह यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
दोपहर करीब एक बजे जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि दोपहर में स्कूलों में छुट्टी होती है। इससे भीड़ बढ़ जाती है। थाने के पास की जगह खाली कराई जाएगी, ताकि बसें सड़क पर न खड़ी हो।