रायबरेली। जिले की दो शख्सियतों को उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान ने सम्मान से नवाजा है। इनमें पंकज प्रसून और डॉ. उन्नत बहादुर सिंह शामिल हैं। इन्हें उत्तर प्रदेश भाषा सम्मान -2020 से नवाजा गया है। इन दोनों ने ही अपनी उपलब्धियों से जिले का नाम रोशन किया है। ऑनलाइन समारोह में सम्मान पत्र के साथ 11 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
रायबरेली में जन्मे और वर्तमान में लखनऊ में रहने वाले व्यंग्यकार एवं कवि पंकज प्रसून को यह सम्मान भाषा के क्षेत्र में साहित्यिक विनिमय, सौहार्द, समृद्धि और समन्वय को मजबूत करने के लिए दिया गया है।
यह पुरस्कार उन्हें उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राज नारायण शुक्ल व निदेशक हरिबख्श सिंह की उपस्थिति में आयोजित ऑनलाइन समारोह में दिया गया। इसी तरह डॉ. उन्नत बहादुर सिंह भी उत्तर प्रदेश भाषा सम्मान से नवाजे गए हैं।
वह इस जिले के पद्मपुर बिजौली के रहने वाले हैं। इस समय वह प्रयाग में रह रहे हैं। उनके भाई नागेंद्र बहादुर सिंह इस जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) के पद पर कार्यरत हैं। नागेंद्र ने बताया कि उनके भाई को उनकी काव्य रचना अनायास पर यह सम्मान दिया गया है।