पद्मावत एक्सप्रेस में शुक्रवार को माता-पिता के साथ जा रही चार साल की मासूम के अपहरण का प्रयास किया गया। आरोपी बच्ची को लेकर जा रहा था, तभी उसकी मां ने देख लिया। चीखने चिल्लाने पर पिता ने यात्रियों की मदद से अपहरणकर्ता को दबोच कर ट्रेन में बैठा लिया। रायबरेली जीआरपी ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला एक दंपती अपनी चार साल की मासूम बच्ची के साथ पद्मावत एक्सप्रेस से दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रहा था। बताते हैं कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर पिता चाय और पानी लेने ट्रेन से उतरा। बच्ची भी उसके पीछे-पीछे बाहर आ गई। तभी एक युवक ने उसे दबोच लिया और उठा कर ले जाने लगा। बच्ची चीख न सके, इसलिए उसका मुंह दबा रखा था। इसी बीच बेटी को ढूंढते हुए मां उसके पीछे आ गई।
उसने बच्ची को ले जाते देखा तो चीख पुकार मचा दी। इस पर बच्ची का पिता और अन्य यात्री एकत्र हो गए। सभी ने युवक के हाथों से बच्ची को छुड़ाया और आरोपी को पकड़ कर ट्रेन में बैठा लिया। ट्रेन रायबरेली पहुंची तो यहां जीआरपी के हवाले कर दिया।
जीआरपी के कार्यवाहक थानेदार मनोज सोनकर ने बताया कि एफआईआर दर्ज करके आरोपी धर्मेंद्र (4) निवासी वीरगज का पुरवा थाना जायस जिला अमेठी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला चारबाग जीआरपी को सौंप दिया जाएगा।