रायबरेली। डीफार्मा छात्र आदित्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले में मंगलवार अचानक कार्रवाई तेज हो गई। एक ओर जहां लापरवाही बरतने के आरोप में अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह का तबादला हो गया।
वहीं दो मुख्य आरक्षियों समेत चार पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। यही नहीं पुलिस अधीक्षक ने मामले की विभागीय जांच सीओ डलमऊ आरपी शाही को सौंपी है।
पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हुई तो पुलिस भी एक्शन में आई और मंगलवार देर रात हत्याकांड के मुख्य आरोपी व 20-20 हजार के इनामी अर्कित यादव उर्फ सोमू व हर्षित को दिल्ली के पास से धर दबोचा।
माना जा रहा है कि यह यह पूरी कार्रवाई मामले में सीएम की सख्ती के बाद हुई है। सोमवार को आदित्य के परिवारीजनों ने सीएम योगी से मुलाकात कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की थी।
आदित्य के पिता प्रदीप सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया था कि कुछ सफेदपोश नेता मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। सीएम ने मामले में सख्त कार्रवाई करने का भरोसा पीड़ित परिवार को दिया था।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी छात्र आदित्य प्रताप सिंह की नौ अक्तूबर को मिल एरिया थाने के रतापुर स्थित सोमू ढाबा में हत्या कर दी गई थी।
उसका शव हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी खास गांव के पास महराजगंज रोड पर मिला था। इस मामले में पुलिस सोमू ढाबा के मालिक सुरेश यादव समेत 12 हमलावरों को पहले ही जेल भेज चुकी है।
माना जा रहा है कि सीएम योगी की सख्ती के चलते अपर पुलिस अधीक्षक शशिशेखर सिंह का तबादला लखनऊ यूपी 112 में कर दिया गया। कहा जा रहा है कि एएसपी ने मामले में कार्रवाई करने में ढिलाई बरती।
वहीं एसपी स्वप्निल ममगई ने सदर कोतवाली की त्रिपुला चौकी में तैनात मुख्य आरक्षी जगदीश प्रसाद, सिपाही अंकित रजत और मिल एरिया थाने में तैनात मुख्य आरक्षी सुरेशचंद्र और सिपाही वीरेंद्र भार्गव को सस्पेंड कर दिया है।
कहा जा रहा है कि हमलावरों ने छात्र का पीछा किया था। इन पुलिस कर्मियों की जानकारी में मामला आया था। इसके बाद भी इन लोगों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
वहीं पीड़ित परिवार का कहना है कि थानेदार और चौकी इंचार्ज के खिलाफ भी मामले में कार्रवाई की जाए। यदि यह चेत जाते तो उनके बेटे की जान बच जाती।
इस बीच सीओ आरपी शाही को विभागीय जांच के आदेश दिए गये हैं। चौकी इंचार्ज और थानेदार की भूमिका गड़बड़ मिली तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
शासन की ओर से यूपी 112 में तैनात नित्यानंद राय को जिले का नया अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बुधवार को नए एएसपी के यहां पहुंचकर चार्ज संभालने की बात कही जा रही है।
एसपी स्वप्निल ममगई ने कहा कि डीफार्मा छात्र आदित्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले में लापरवाही बरतने पर दो मुख्य आरक्षियों समेत चार पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
साथ ही इस मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गये हैं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। घटना में शामिल किसी हमलावर को बख्शा नहीं जाएगा।