रायबरेली। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सामुदायिक केंद्र रतापुर में शुक्रवार को विभाजन विभीषिका से संबंधित अभिलेख प्रदर्शनी लगी। उद्यान राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ व अवलोकन किया। विभाजन विभीषिका की त्रासदी के दौरान प्राणोत्सर्ग करने वाले लोगों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
उद्यानमंत्री ने कहा कि आज हम सभी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर एकत्रित हुए हैं। यह दिवस केवल इतिहास के एक दुखद अध्याय को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि उन लाखों निर्दाेष लोगों के संघर्ष, पीड़ा, त्याग और बलिदान को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने वर्ष 1947 में देश के विभाजन की त्रासदी को झेला। कहा कि विभाजन के समय लाखों परिवारों को अपने घर, खेत, कारोबार और अपनी जन्मभूमि छोड़ने के लिए विवश होना पड़ा। असंख्य लोगों ने अपनों को खोया और अनगिनत परिवारों ने विस्थापन का दंश सहा। यह पीड़ा हमारी सामूहिक स्मृति का हिस्सा है।
हम उन सभी विभाजन पीड़ितों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने अपार कष्ट सहते हुए भी जीवन को नए सिरे से आगे बढ़ाया और राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया। विधायक सलोन अशोक कुमार ने कहा कि उन परिवारों को नमन करते हैं, जिन्हें भारत के विभाजन के दौरान अपने परिवारजन के प्राण न्यौछावर करने पड़े। इस मौके पर डीएम सरनीत कौर ब्रोका, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, डीआईओएस संजीव कुमार सिंह, बीएसए राहुल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्ररहमान, जिला युवा अधिकारी वर्तिका सिंह आदि मौजूद रहे।