रायबरेली। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की टीम ने दीनशाह गौरा ब्लॉक के मुरैठी गांव में प्रॉक्सी से राशन वितरण की जांच की तो कोटेदार का कारनामा उजागर हुआ। गांव के प्रधान व अन्य ग्रामीणों ने लिखित बयान दिया है। दिल्ली, मुंबई, लुधियाना, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य स्थानों पर वर्षों से रहने वाले लोगों को हर महीने राशन देने का मामला पकड़ में आया है।
वर्षों से गांव में न रहने के बाद भी हर महीने राशन दिए जाने की पोल खुलने के बाद जांच टीम ने कोटेदार के खिलाफ एफआईआर की संस्तुति की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिला आपूर्ति अधिकारी ने कोटेदार को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। जवाब आने के बाद एफआईआर की चेतावनी दी गई है।
डीएम के स्तर पर की गई शिकायत के बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार की टीम ने गौरा ब्लॉक के मुरैठी गांव पहुंचकर राशन वितरण की जांच की। जांच में परत-दर-परत कोटेदार का कारनामा उजागर हो गया है। एक साल से सूरत में रहने वाली बिटाना को भी अंत्योदय का राशन दिया जा रहा है।
इसके अलावा तारावती, राजरानी, रेनू, मायादेवी, गीता देवी आदि को भी बाहर रहने के बाद भी राशन दिए जाने की पुष्टि हुई। जांच में पाया गया कि लगातार दो महीने राशन दिया गया है। इसके पहले भी रिकॉर्ड निकलवाकर जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। जांच टीम ने मामले में मुकदमा दर्ज कराने की संस्तुति की है। जांच रिपोर्ट मिलते ही डीएसओ ने कोटेदार को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
दो साल से लुधियाना में रहने वाली मुरैठी गांव की तारावती पत्नी राम लखन को अंत्योदय कार्ड संख्या 215820139473 के माध्यम से हर महीने 35 किलो मुफ्त राशन दिया जा रहा है। अप्रैल महीने में तारावती आई थी और मई में चली गई थी, लेकिन नवंबर महीने में भी उसके नाम राशन लिया गया है।
गौरा ब्लॉक के मुरैठी गांव की राजरानी पत्नी छेदीलाल के नाम अंत्योदय कार्ड संख्या 215820139494 बनाया गया है। राजरानी परिवार के साथ मुंबई में कई वर्षोें से रहती है। साल में एक-दो बार आती है, लेकिन उसे भी हर महीने 35 किलो राशन दिया जा रहा है। नवंबर महीने में भी प्रॉक्सी से राशन दिया गया है।
मुरैठी गांव की ही रेनू अपने पति के साथ दिल्ली में एक साल से रह रही हैं। मायादेवी हिमाचल प्रदेश में एक साल से रह रही हैं। गीता देवी लुधियाना और भारती गोंडा में रह रही हैं, लेकिन सभी को पात्र गृहस्थी का राशन मिल रहा है। जांच में नवंबर महीने में भी प्रॉक्सी के माध्यम से सभी को राशन दिए जाने की पोल खुली है।
जिला आपूर्ति अधिकारी केएन सिंह ने बताया कि दीनशाह गौरा ब्लॉक के मुरैठी गांव में राशन वितरण में मनमानी किए जाने की जांच जानकारी होने के बाद कोटेदार को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। कोटेदार का जवाब आने के बाद संबंधितों के खिलाफ एफआईआर होगी।