खीरों कस्बे में सील की गई दवा की दुकान।
रायबरेली। लखनऊ से खरीदी गई कोडीनयुक्त सिरप के मामले में बृहस्पतिवार को दवा की एक और दुकान को सील कर दिया गया। ड्रग इंस्पेक्टर शीवेंद्र प्रताप सिंह ने खीरों में मेडिसिन हाउस में छापा मारा। मौके पर दुकान बंद मिलने के बाद उसे सील कर दिया। अब तक दवा की दो दुकानों को सील किया गया है।
शहर के कल्लू का पुरवा स्थित अजय फाॅर्मा के संचालक ने पिछले 10 माह में लखनऊ की एक एजेंसी से करीब 65 लाख रुपये कीमत की कोडीनयुक्त सिरप खरीदी थी। बीती 14 अक्तूबर को जांच के लिए एजेंसी को खोलने के बाद फिर सील कर दिया गया। एजेंसी से मिली दवा की बिक्री के रिकॉर्ड के आधार पर बृहस्पतिवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने खीरों में सेमरी-सरेनी रोड स्थित मेडिसिन हाउस में छापा मारा।
मौके पर दवा की दुकान बंद मिली। दुकान को सील करते हुए नोटिस चस्पा कर दिया। इसकी सूचना खीरों पुलिस को दी है। ड्रग इंस्पेक्टर शीवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेडिसिन हाउस का निरीक्षण किया गया। दुकान बंद होने के कारण जांच नहीं हो सकी। दुकान को सील कर दिया गया है। दुकान के संचालक के आने के बाद सील खोलकर जांच की जाएगी।