रायबरेली। तमिलनाडु के बुजुर्ग यात्री की शहर के रेलवे स्टेशन पर रविवार को ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बुजुर्ग इसी ट्रेन से सफर कर रहे थे। स्टेशन पर खाने-पीने का सामान खरीदने के लिए उतरे थे। ट्रेन चलने लगी तो वापस चढ़ने लगे, तभी संतुलन बिगड़ने से प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में गिर गए। हादसे की वजह से करीब पौन घंटे तक ट्रेन खड़ी रही।
तमिलनाडु से तीर्थ यात्रियों का एक दल वाराणसी दर्शन के लिए गया था। यह दल हरिद्वार जाने के लिए बनारस-देहरादून जनता मेल में सवार हुआ। करीब आधे घंटे विलंब से जनता मेल रायबरेली स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी। इसी बीच दल में शामिल एक यात्री जी. शेखरन (72) उतरे और बिस्किट व पानी लेने लगे। सामान लेकर लौटने लगे तो ट्रेन चल दी। बुजुर्ग यात्री ने ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, तभी संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में गिर गए। ट्रेन के नीचे आने से यात्री की कटकर मौत हो गई।
यह देखकर प्लेटफार्म पर मौजूद दूसरे यात्री दौड़ पड़े। ट्रेन भी तुरंत रोक दी गई। यात्रियों का मजमा लग गया। राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने भीड़ को हटाया। रेलवे टीम की मदद से शव को ट्रैक से बाहर किया गया, फिर ट्रेन रवाना की गई। जीआरपी थाना प्रभारी अभिषेक मिश्र ने बताया कि तमिलनाडु के रहने वाले बुजुर्ग यात्री की ट्रेन पर चढ़ते समय गिरने से कटकर मौत हो गई।