नसीराबाद। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने रविवार को सलोन विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क और बिजली कटौती की समस्या से वह वाकिफ हुए। उन्होंने समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
सबसे पहले सांसद छतोह ब्लॉक क्षेत्र के तारापुर गांव पहुंचे। यहां पर लोगों ने उनका स्वागत किया। सांसद ने कहा कि संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का विधायक न होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अब तक जो भी विकास हुआ है, वह कांग्रेस की देन है।
बताया कि सांसद निधि की पांच करोड़ की राशि 17 ब्लॉकों में खर्च करनी होती है। अब तक सलोन विधानसभा क्षेत्र में 109 सोलर लाइट, दो विद्युत हाई मास्क लाइट के अलावा 28 लाख 39 हजार रुपये से विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुंशीगंज अस्पताल में हृदय व कैंसर रोग का उपचार शुरू हो गया है।
अमेठी व नसीराबाद के लोगों को इलाज के लिए लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में सांसद निधि एक वेंटिलेटर, एंबुलेंस व ऑपरेशन थियेटर का प्रबंध किया गया है। प्रधान लालबाबू ने नहर में पानी न आने और बिजली कटौती की शिकायत की। सांसद ने बाबा पलटूदास व वारिश शाह की मजार तक सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। संडहा गांव में सड़क निर्माण और पेयजल की समस्या दूर करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए।
दो वर्ष से नहीं मिल रही खाद
नसीराबाद में किसानों ने सांसद को ज्ञापन देकर समिति से दो वर्ष से खाद न मिलने की शिकायत की। सभासद अरविंद मौर्य ने नगर के अधिशासी अधिकारी के दो माह से अनुपस्थित रहने की समस्या उठाई। सांसद ने बूथ अध्यक्ष आले हसन की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की। सांसद ने परैया नमकसार, धरई समेत अन्य स्थानों पर भी लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, अनुराग द्विवेदी, ब्रजेश तिवारी, अर्जुन पासी, टीएन तिवारी, तुलसीराम पासी, राजीव द्विवेदी, श्याम सुंदर तिवारी मौजूद रहे।