रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा विभाग में हर साल बैंड प्रतियोगिता कराई जाती है। इसके अलावा अक्सर विभागीय आयोजनों में बैंड की जरूरत पड़ती है। इसके बावजूद जिले के किसी भी विद्यालय में बैंड की व्यवस्था नहीं है। इसीलिए जिले के एक विद्यालय में बैंड की स्थापना कराने का निर्णय लिया गया है।
इसके लिए शहर के पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का चयन हुआ है, जिसे दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इसमें 60 हजार रुपये से यूनिफार्म खरीदी जाएगी। 1.40 लाख रुपये से बैंड उपकरण (इंस्ट्रूमेंट) की व्यवस्था करनी होगी। बैंड के लिए मिलने वाली धनराशि से यूनिफार्म और उपकरण खरीदने के लिए विद्यालय स्तर पर समिति गठित की जाएगी, जिसमें प्रधानाचार्य को अध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक, वित्त एवं लेखाधिकारी और एसएमडीसी से नामित प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया जाएगा। बैंड उपकरणों के विशेषज्ञ भी समिति का हिस्सा होंगे। जेम पोर्टल के माध्यम से यूनिफार्म और उपकरण क्रय किए जाएंगे। यूनिफार्म और उपकरण विद्यालय की अभिरक्षा में रखा जाएगा, जिसका उपयोग राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को बैंड प्रशिक्षण, बैंड टीम तैयार करने एवं प्रतियोगिता व कार्यक्रम में शामिल कराने में किया जाएगा।
समग्र शिक्षा-माध्यमिक के जिला समन्वयक इरफान अहमद ने बताया कि यूनिफार्म एवं उपकरण के रखरखाव के लिए किसी शिक्षक को नोडल बनाया जाएगा। सहायता के लिए एक सहायक भी नामित करना होगा।
हर साल होती है बैंड प्रतियोगिता
स्कूल बैंड प्रतियोगिता वर्ष 2017 में शुरू हुई थी। हर साल प्रतियोगिता होती है, जिसकी शुरुआत जिला स्तर से कराई जाती है। बैंड की स्थापना से राजकीय विद्यालयों के बच्चों को लाभ मिलेगा और वे इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बैंड यूनिफार्म और बैंड इंस्ट्रूमेंट खरीदने के लिए शहर के पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को दो लाख रुपये की धनराशि भेजी जा रही है।