अंबेडकरनगर। मानसिक तनाव हर उम्र के लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। विशेषकर 18 से 30 वर्ष के युवा, जिनमें छात्र और नौकरीपेशा लोग शामिल हैं, भविष्य की चिंताओं के कारण इसकी चपेट में सबसे अधिक हैं। इसके समाधान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू की गई टेली मानस सेवा जिले के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस सेवा के बेहतर क्रियान्वयन के कारण अप्रैल माह की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में अंबेडकरनगर को पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय कुमार शैवाल और नोडल अधिकारी डॉ. यूसी यादव ने इस सफलता पर मनोवैज्ञानिक फौजिया शरीफ को सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि मानसिक तनाव से जूझ रहा कोई भी व्यक्ति टोल-फ्री नंबर 14416 पर कॉल करके विशेषज्ञों से मुफ्त सलाह ले सकता है।
जिले की विशेष टीम गांवों में जाकर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रही है। टेली मानस एप के माध्यम से लोग घर बैठे ही मानसिक रोगों के लक्षण, उनसे बचाव के तरीके और विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल उनके लिए बेहद प्रभावी है जो लोक-लाज या जानकारी के अभाव में अस्पताल नहीं पहुंच पाते।
ऐसे मिली सफलता
अप्रैल में जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम द्वारा 1,005 लोगों की काउंसलिंग की गई। टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 16 जागरूकता शिविर आयोजित किए, जिनके माध्यम से मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों तक महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई गई। लोगों को बताया गया कि वे सरकार द्वारा जारी निशुल्क हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके घर बैठे अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।