रायबरेली। अमर उजाला ने शुक्रवार को भविष्य ज्योति सम्मान समारोह आयोजित कर विभिन्न बोर्डों के 54 मेधावी छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी नेहा शर्मा और पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने सम्मानित किया। समारोह में यूपी बोर्ड की प्रदेश स्तरीय वरीयता सूची में जगह बनाने वाली मेधावी छात्रा के साथ ही सीबीएसई में अखिल भारतीय स्तर पर मुकाम बनाने वाले मेधावी छात्र भी शामिल रहे।
मेधावियों को मेडल और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने इस पल को यादगार बनाने के लिए सेल्फी भी ली और ग्रुप फोटो कराई। डीएम-एसपी ने कंप्टीशन के इस दौर में सफलता हासिल करने के लिए अधिक से अधिक मेहनत करने और निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। मेधावियों को सम्मानित होते देखने के लिए कई विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षकों के साथ ही छात्र-छात्राओं के अभिभावक भी जुटे। हर कोई अपने होनहार बेटे-बेटियों के इस यादगार लम्हे को कैमरे में कैद करने को आतुर दिखा।