रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास रेल ट्रैक पर अग्निवीर जवान का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस।
अमावां। बरेली में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ऋषिकेश-प्रयागराज एक्सप्रेस से तैनाती स्थल प्रयागराज जा रहे अग्निवीर जवान ध्रुव (21) का शव मंगलवार सुबह रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास पटरी पर पड़ा मिला। जीआरपी ने ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, जवान ट्रेन से कैसे गिरा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
हरियाणा के कशौला बाबल थाना क्षेत्र के जड़थल पोस्ट रलियाबाद निवासी ध्रुव पुत्र प्रवीन कुमार की तैनाती प्रयागराज यूनिट में थी। वह बरेली में प्रशिक्षण ले रहे थे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सोमवार रात वह ऋषिकेश-प्रयागराज एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी पर उनका शव मिला।
सूचना पर रेलवे अधिकारियों के साथ जीआरपी मौके पर पहुंची। जेब से मिले पहचान पत्र और अन्य कागजात से जवान की शिनाख्त हुई। जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रेन से गिरने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया है।