लालगंज। दो दिन पहले निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से चचिहा निवासी राजमिस्त्री रमेश उर्फ गुड्डू व श्रमिक रामू लोध और रज्जब अली की मौत हो गई थी। सोमवार को परिजनों ने मुआवजा न मिलने तक शवों का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था। इस पर पुलिस ने भवन स्वामी और पीडि़त परिवारों को थाने बुलाकर समझौता करने का प्रयास किया था, लेकिन बात नहीं बनी थी।
मंगलवार को सुबह दस बजे से मृतकों के परिवारीजनों और भवन स्वामी योगेश यादव के बीच आर्थिक मदद दिए जाने के संबंध में वार्ता शुरू हुई। करीब चार घंटे तक बातचीत हुई और उसके बाद योगेश यादव ने मांग के अनुरूप आर्थिक मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद तीनों शवों का अंतिम संस्कार करने के परिजन राजी हुए। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक रज्जब अली के शव का उनके पैतृक गांव इचौली में अंतिम संंस्कार किया गया।