ठंड में इस तरह बच्चे को गोदी में लेकर जाता युवक।
- फोटो : ठंड में इस तरह बच्चे को गोदी में लेकर जाता युवक।
रायबरेली। नए साल के पहले दिन चटख धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन दूसरे दिन शुक्रवार को फिर से ठंड आक्रामक हो गई। सुबह घना कोहरा पड़ने व दिनभर गलन से लोग परेशान रहे। दोपहर में हल्की धूप निकली, लेकिन शीतलहर के चलते यह बेअसर रही।
शुक्रवार सुबह छह से आठ बजे तक घने कोहरे के कारण दृश्यता चार मीटर रही। इसके बाद कोहरे का असर कम हुआ तो धूप निकली, लेकिन हवा चलने के कारण सर्दी से लोग कांपते रहे। शाम को धुंध छाने से गलन और बढ़ गई। पश्चिम की हवा ने कंपकंपी छुड़ा दी। कड़ाके की ठंड आलू व सरसों की फसल को अधिक नुकसान पहुंचा रही है। आलू की फसल को झुलसा रोग लग गया है, जिस कारण किसानों को कीटनाशक व फफूंदी नाशक दवा का उपयोग करना पड़ा रहा है। इसके साथ ही किसान फसल बचाने के लिए जैविक उपाय भी कर रहे हैं। सरसों व आलू की फसल में गर्म रखा का छिड़काव भी किया जा रहा है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तापमान में बहुत उछाल नहीं आएगा। कोहरा व गलन बनी रहेगी। साथ ही भोर पहर पाला पड़ने की भी संभावना है।