प्रतापगढ़ और बिल्हौर कानपुर नगर में साथी की हत्या से अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। शनिवार को भी वकीलों ने दीवानी कचहरी में शांति प्रदर्शन किया। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम एसएन शुक्ला को सौंपा।
सेंट्रल बार एसोसिएशन अध्यक्ष रमेश कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि 15 मार्च को प्रतापगढ़ में अधिवक्ता जवाहर लाल मिश्र और 16 मार्च को बिल्हौर कानपुर नगर में जितेंद्र पाल की हत्या कर दी गई। प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।
महामंत्री रामसजीवन चौधरी ने कहा कि अधिवक्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर बार के पूर्व अध्यक्ष ओपी यादव, अकबर अली, मधुरेंद्र वैश्य, सुशील यादव आदि मौजूद रहे।
उधर, जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विद्याशंकर यादव, रायबरेली जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के सचिव पद्म प्रसाद श्रीवास्तव की अगुवाई में वकीलों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया।
इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार को ज्ञापन सौंपा। सभी ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। इस मौके पर राजेंद्र यादव, रामबक्श मौर्य, इंदुशेखर तिवारी, सतगुर प्रसाद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।