रायबरेली। फैशन के क्षेत्र में भविष्य संवारने का सपना संजोए छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस जिले में भी निफ्ट संचालित है, जिससे छात्र-छात्राओं को प्रवेश पाने के बाद अपने ही जिले में फैशन की पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा।
निफ्ट रायबरेली में छह पाठ्यक्रम संचालित हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 43 सीटें हैं। इस तरह 258 सीटों पर प्रवेश होंगे। दाखिले के लिए छह जनवरी तक आनलाइन पंजीयन के साथ आवेदन करना होगा। प्रवेश परीक्षा आठ फरवरी को होगी। निफ्ट की देशभर में संचालित शाखाओं में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निफ्ट की वेबसाइट पर आनलाइन पंजीयन करते हुए आवेदन किए जा सकते हैं।
इसके जरिये ही निफ्ट रायबरेली में भी प्रवेश लिए जाएंगे। निफ्ट रायबरेली में एसेसरी डिजाइन विभाग, फैशन कम्युनिकेशन विभाग, फैशन डिजाइन विभाग, लेदर डिजाइन विभाग, बीएफटेक विभाग, मास्टर्स इन फैशन मैनेजमेंट विभाग के पाठ्यक्रम संचालित हैं। हर पाठ्यक्रम में 43 सीटों पर प्रवेश होने हैं। यानी सभी छह कोर्सों में 258 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे।
निफ्ट की अन्य शाखाओं में इन पाठ्यक्रमों के अलावा फैशन इंटीरियर, निटवियर डिजाइन, एम. डेस, टेक्सटाइल डिजाइन जैसे पाठ्यक्रम भी संचालित होते हैं। इसी प्रवेश प्रक्रिया का हिस्सा बन कर छात्र-छात्राएं अपने मनचाहे पाठ्यक्रम में दाखिला लेकर फैशन के क्षेत्र में अच्छी पढ़ाई कर भविष्य संवार सकते हैं। निफ्ट के प्रवक्ता हर्षवर्धन दुबे ने बताया कि निफ्ट की वेबसाइट पर निर्देशों का पालन करते हुए आवेदन किए जा सकते हैं।