इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले के सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र में धान खरीद केंद्रों की हकीकत जानने के लिए अपर जिलाधिकारी वंदिता श्रीवास्तव दल बल के साथ पहुंचीं। कहा, यदि किसानों को बेवजह परेशान किया गया तो केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को अपर जिलाधिकारी धान क्रय केंद्र फूला पहुंचीं। जहां पर किसानों का धान तौला जा रहा था। यह नजारा देखकर उन्होंने किसानों से खरीद के बारे में जानकारी ली। विपणन शाखा की ओर से संचालित धान क्रय केंद्र सिंहपुर के केंद्र प्रभारी श्यामू राणा ने बताया कि 401 किसानों का 24 हजार क्विंटल धान खरीदा गया है। इसके बाद अपर जिलाधिकारी टेढ़ई, सातनपुरवा खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। कहा कि किसानों धान नंबर के हिसाब से खरीदा जाए। यदि खरीद में मनमानी की शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।