विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने को निरीक्षण पर पहुंचे तीन मंत्रियों के समूह ने कराए जा रहे निर्माण कार्य में बड़ा खेल पकड़ा है। इस दौरान मौजूद लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने 2.39 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे हरचंदपुर-सिरसा घाट मार्ग में गड़बड़ी की आशंका पर माप जोख करायी तो सड़क की चौड़ाई 20 सेंटीमीटर कम मिली।
जबकि लागत पूरे सात मीटर की दिखाई गई थी। प्रस्तावित एक किलोमीटर लंबी सड़क सात मीटर की जगह 6.80 मीटर चौड़ी मिलने पर भड़के विभागीय मंत्री ने मौके पर मौजूद प्रांतीय खंड के अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई। मंत्री सूमह की नाराजगी देखकर कुछ अभियंता तो मौके से खिसक निकले।
शासन स्तर से गठित लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद, व्यवसायिक शिक्षा व कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और संसदीय कार्य, चिकित्सा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, मातृ एवं शिशु कल्याण राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर जिले में पहुंचे।
मंत्री समूह ने सबसे पहले हरचंदपुर-सिरसा घाट मार्गं का निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान मेन चौराहा से करीब 100 मीटर आगे उनका काफिला अचानक रुक गया। वाहन से नीचे उतरे लोक निर्माणमंत्री ने मौके पर बन रही सड़क की माप जोख करायी तो इसका चौड़ीकरण निर्धारित माप से 20 सेंटीमीटर कम मिला।
इस दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल हुई सामग्री की गुणवत्ता को भी जांचने पर मानकों पर खरी साबित नहीं हुई। इससे नाराज लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद व व्यवसायिक शिक्षा व कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता डीके कुरील को जमकर फटकार लगाई। सड़क निर्माण के बाद मंत्री समूह ने हरचंदपुर थाना परिसर में 1.34 करोड़ से निर्माणाधीन बैरक और आवासों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को जांचा। यहां बैरक के छत पर कराए जा रहे पेंट के साथ ही इस्तेमाल हो रही सामग्री में भी कई खामियां मिली।
गड़बड़ी पर तय होगी जवाबदेही
हरचंदपुर-सिरसा घाट संपर्क मार्ग की गुणवत्ता की जांच के बाद लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि सड़कनिर्माण में उजागर हुई गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व अभियंताओं की सीधी जवाबदेही तय होगी। बताया कि किसी भी निर्माण कार्य के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
रातों रात बनाई सड़क, डाली डस्ट
लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते हरचंदपुर से सिरसा घाट मार्ग का समय पर पूरा नहीं हो पाया। ऐसे में विभागीय मंत्री समेत अन्य मंत्रियों के निरीक्षण की जानकारी के बाद अभियंताओं ने बीते सोमवार को रातों रात सड़क के अधूरे काम को पूरा कराते हुए इसे पुराना दिखाने के लिए डस्ट तक डाल दी। लेकिन रात में अचानक हुई बारिश के कारण सच्चाई स्वत: ही निरीक्षण के दौरान खुलकर सामने आ गयी।