अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर कूरेभार कस्बे में बुधवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। आपस में भिड़ंत के बाद बेकाबू हुआ एक ट्रक सड़क किनारे खड़े ऑटो को चपेट में लेते हुए चाय की दुकान पर पलट गया जबकि दूसरा पेड़ की डाल व बिजली के खंभे को तोड़ता हुआ धर्मशाला की दीवार से जा टकराया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। घायल छह लोगों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने दो की गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
बुधवार की सुबह एक ट्रक प्रयागराज की तरफ से गिट्टी लादकर अयोध्या की ओर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे ट्रक कूरेभार कस्बे में पहुंचा ही था कि बीच चौराहे पर हलियापुर की ओर जा रहे बल्ली लदे एक दूसरे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। इससे बेकाबू हुआ बल्ली लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो को चपेट में लेते हुए चाय की दुकान पर पलट गया। वहीं, दूसरा ट्रक पीपल के पेड़ की डाल व बिजली के खंभे को तोड़ते हुए धर्मशाला जा टकराया। हादसे के बाद कस्बे में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची कूरेभार व धनपतगंज थाने की पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया।
जब तक ट्रक के चपेट में आए लोगों को बाहर निकाला गया ऑटो चालक राजनाथ तिवारी (58) निवासी सेउर चमुरखा थाना कूरेभार, राजेश कुमार गुप्ता (38) व राकेश कुमार गुप्ता (50) (दोनों निवासी कस्बा) की मौत हो चुकी थी। घायल पवन कुमार शर्मा पुत्र छोट्टन, रमेश कुमार पुत्र वंशराज, राधेश्याम, पिंटू (पिता-पुत्र), महीप पांडेय पुत्र रामजियावन, निवासी पलिया हैदरगंज, जिला अयोध्या और शिवम (45) पुत्र रोशन निवासी छीड़ी, थाना बारा, जिला प्रयागराज को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सक ने शिवम व महीप पांडेय की नाजुक हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पाकर एसपी सोमेन बर्मा, एसडीएम सदर सीपी पाठक व सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी समेत कई अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। अधिकारियों ने घायलों का हाल लिया और चिकित्सक को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
परिवार में मचा कोहराम
कस्बा निवासी राकेश कुमार गुप्ता के परिवार में पत्नी मीना, दो पुत्र शुभांशु (24), शिवा (20) व पुत्री नैंसी (22) हैं। राकेश घर में अकेले कमाने वाले थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
छिन गया सहारा
कूरेभार कस्बा निवासी राजेश कुमार गुप्ता के परिवार में पत्नी सुमन, तीन पुत्रियां खुशी (18), महक (16), आस्था (11) व पुत्र महेश (5) हैं। राजेश घर में अकेले कमाने वाले थे। उनकी मौत से पत्नी और बच्चों का सहारा छिन गया।
रो-रोकर बुरा हाल
सेउर चमुरखा निवासी राजनाथ तिवारी के दो पुत्र वीरभद्र (30) व हिमांशु (28) हैं। दोनों अविवाहित हैं। उनकी पत्नी साधना की 2020 में कोविड काल में मौत हो गई थी। राजनाथ की मौत बच्चों के सिर से पिता का भी साया छिन गया। घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली वे सन्न रह गए। जो जिस हाल में था कूरेभार के लिए निकल पड़ा।
नहीं भूलेगी बुधवार की काली सुबह
घड़ी की सुइयां सुबह के साढ़े पांच बजा रही थीं। कस्बे के अधिकतर लोग सो रहे थे। सुबह की सैर करने वाले व चाय रेस्टोरेंट चलाने वालों की बाजार में चहल-पहल शुरू हो गई थी। पवन ने रोज की तरह चाय की दुकान लगा ली थी। उनकी दुकान पर सुबह की चाय के चार-छह शौकीन इकट्ठा थे। किसी को इस बात का आभास तक नहीं था कि कुछ पलों में यहां का मंजर बदल जाएगा। अचानक चौराहे से कॉस कर रहे दो ट्रकों की भिड़त हो गई। जब तक लोग कुछ समझते उसमें से एक ट्रक ने चाय की दुकान के पास मौजूद लोगों को चपेट में ले लिया। ट्रकों की टक्कर व एक ट्रक के पलटने की इतनी भीषण आवाज हुई कि पूरा कस्बा सन्न रह गया। जो जहां था, मौके की ओर भागा। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी को कुछ सूझ नहीं रहा था। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्राम प्रधान सुरेश कसौधन ने बताया कि यह हादसा पीड़ित परिवार को ही नहीं अन्य लोगों को भी गहरे जख्म दे गया है। कस्बे के लोगों को बुधवार की सुबह ताउम्र याद रहेगी।