रायबरेली। प्रॉपर्टी डीलरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वह सरकारी जमीनों पर कब्जा कर प्लाटिंग करने से भी नहीं चूक रहे हैं।
अब डीएम ने चारागाह व तालाब की सुरक्षित जमीन पर प्लाटिंग कराने का मामला पकड़ा है। इस मामले में लालगंज तहसील प्रशासन और उप निबंधन कार्यालय की लापरवाही सामने आ रही है।
इसके बाद डीएम माला श्रीवास्तव ने लालगंज एसडीएम व उप निबंधक को नोटिस देकर जवाब तलब किया है। डीएम ने अवैध प्लाटिंग करने वालों पर कार्रवाई के साथ तालाब की जमीन को खाली कराकर अमृत सरोवर बनवाने के आदेश दिए हैं।
रायबरेली-लालगंज मार्ग से निकले तौधकपुर मार्ग पर गोविंदपुर वलौली गांव में एआरपी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड कांस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड ने गाटा संख्या 159, 160 और 161 में जमीन खरीदकर प्लाटिंग की। यह जमीन वर्ष 2000 और 2021 में खरीदी गई थी।
भूखंडों के बैनामे के बाद उपनिबंधक लालगंज स्थल की जांच करके स्टांप कमी का मामला पकड़कर सहायक महानिरीक्षक निबंधन को पत्रावली भेजी थी।
डीएम ने अनुमोदन के दौरान आशंका होने पर जांच कराई। उन्होंने एसडीएम लालगंज से भी मामले में रिपोर्ट तलब की। आरोप है कि तहसील से स्पष्ट रिपोर्ट नहीं भेजी गई। डीएम ने अपने स्तर से जांच कराई तो परत दर परत कारनामा सामने आ गया।
जांच में पता चला कि तौधकपुर मार्ग पर सड़क के दोनों ओर तालाब है। रोड से करीब 36 मीटर की दूरी की जमीन का बैनामा कराने के बाद प्रॉपर्टी डीलर ने तालाब और चारागाह की जमीन पर कब्जा करकेे सड़क तक प्लाटिंग करके भूखंड बेच दिये।
करोड़ों की सुरक्षित जमीन पर प्लाटिंग करने का मामला पकड़ में आने के बाद डीएम ने एसडीएम लालगंज और उप निबंधक को नोटिस देकर जवाब मांगा है। साथ ही चारागाह और तालाब की जमीन को खाली कराने के आदेश दिए हैं। डीएम ने प्रापर्टी डीलरों पर कार्रवाई करते हुए तालाब पर अमृत सरोवर बनवाने के आदेश दिए हैं।
बैनामों में पकड़ी छह लाख की कमी, होगी कार्रवाई
लालगंज में तौधकपुर मार्ग पर तालाब और सुरक्षित जमीन पर कब्जा करके प्लाटिंग करके भूखंडों को बेचने में करीब छह लाख रुपये की स्टांप कमी का मामला अब तक पकड़ में आया है। सहायक महानिरीक्षक निबंधन के यहां मुकदमा करके धनराशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लालगंज में तौधकपुर मार्ग पर तालाब और चारागाह की सुरक्षित जमीन पर प्लाटिंग कर भूखंड बेचने के मामले में एसडीएम और उप निबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संबंधितों पर कार्रवाई के साथ ही सुरक्षित जमीन को खाली करवाने के आदेश दिए गए हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
माला श्रीवास्तव, जिलाधिकारी