रायबरेली। शहर के कानपुर रोड पर दूध डेयरी की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण को आरडीए ने विरोध के बीच हटवा दिया। करोड़ों रुपयों कीमत की करीब छह बिस्वा जमीन पर जबरन कब्जा करके निर्माण करवा लिया गया था। डीएम के आदेश पर बुधवार को आरडीए की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और निर्माण को ध्वस्त करवाकर जमीन को खाली करवा लिया।
शहर के कानपुर रोड स्थित दूध डेयरी की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर निर्माण करवा लिया था। मामले की शिकायत होने पर डीएम ने जांच करवाने के बाद पिछले सप्ताह ही अवैध निर्माण को ध्वस्त करवाने के आदेश दिए थे।
निर्माण करने वालों को आरडीए ने तीन दिन में कब्जे को हटा लेने की मोहलत दी थी। इसके बाद भी अवैध कब्जे को नहीं हटवाया गया। बुधवार को आरडीए के अवर अभियंता महेंद्र शर्मा, धर्मेंद्र सिंह आदि अधिकारियों की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को बुलडोजर के माध्यम से हटवा दिया।
शुरू में कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी देकर सभी चले गए। आरडीए के सचिव बीपी मौर्या ने बताया कि अवैध कब्जे और निर्माण को हटवा दिया गया है। दोबारा कब्जा करने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।