रायबरेली। लॉकडाउन के बाद बाजार खुलते ही मिलावटखोरी के खिलाफ एफएसडीए ने अभियान शुरू कर दिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने शहर के एवी मार्ट के बादाम सहित सात खाद्य पदार्थों के नमूने सील किए। तय रेट से अधिक मूल्य में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर तीन दुकानदारों को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
एफएसओ अपराजिता त्रिपाठी ने शहर के डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित एवी मार्ट में निरीक्षण किया। तय रेट से अधिक पर खाद्य सामग्री बेचने पर संचालक विजय कुमार गुप्ता को नोटिस दिया।
पैकेट बंद बादाम का नमूना भी सील किया। बादाम के पैकेट पर फर्म से संबंधित जानकारी नहीं मिली। इसके अलावा गुरुनानक नगर में एसएसओ कोल्ड डिपो गुरुनानक नगर से प्रेस्टिन कुकिंग क्रीम का नमूना भरा। खालसा इंटरप्राइजेज से रस्क और नयापुर में हरिओम सोनकर की दुकान से पनीर का नमूना सील किया।
एफएसओ राजेश तिवारी ने अटौरा बुजुर्ग में ईशान इंटरप्राइजेज से नमकीन और एफएसओ स्वाती सिंह ने अमावां रोड रतापुर में मथुरा प्रसाद की दुकान से दूध का नमूना सील किया।
एफएसओ नितिन कुमार ने गोविंदपुर बरौली में रामचंद्र गुप्ता की दुकान से बाबा सेवई और बेहटा चौराहे लालगंज में दिनेश चौधरी की दुकान से नूडल्स का नमूना सील कर जांच के लिए भेजा।
खालसा इंटर प्राइजेज और हरिओम सोनकर को नोटिस भी दिया है। अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। नोटिस का जवाब आने के बाद खाद्य कारोबारियों के खिलाफ अन्य कार्रवाई की जाएगी।
भगवत फूड्स के कारोबार पर लगाई गई रोक
बछरावां के पटेल नगर स्थित भगवत फूड्स के कारोबार पर पाबंदी लगा दी गई है। एफएसओ अंजली श्रीवास्तव के निरीक्षण में बिना लाइसेंस के कारोबार मिलने पर नोटिस देकर रोक लगाई है।
सचिन चौबे और सौर्य मंडल शुक्ला को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब देने के आदेश दिए हैं। साथ ही कारोबार को अग्रिम आदेशों तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने बताया कि भगवत फूड्स बिना लाइसेंस के वर्षों से संचालित है। वार्षिक कारोबार 80 लाख रुपये होने के बाद भी लाइसेंस नहीं बनवाया गया। मामले में मुकदमे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।