डीह (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के सरांय मानिक गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बनाए जाने की शिकायत सही पाई गई। जांच में ग्राम समाज की जमीन पर 18 मकानों का निर्माण कराया गया। राजस्व टीम ने पैमाइश के बाद जांच रिपोर्ट तैयार की। राजस्व कर्मियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
सरांय मानिक गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे की कीमती जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा करके करीब 30 साल पहले मकान बना लिया था। ये लोग उसी में परिवार समेत रह रहे हैं। इसमें पूरे पांडेय मजरे सरांय मानिक गांव निवासी नीरज मिश्रा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा करके मकान बनाने की शिकायत की थी।
डीएम ने एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं। उपजिलाधिकारी दिव्या ओझा के आदेश पर सोमवार को राजस्व विभाग के हल्का लेखपाल दिनेश त्रिवेदी की टीम ने जमीन की नाप की। इसमें 18 मकान ग्राम पंचायत की जमीन पर बने पाए गए।
लेखपाल दिनेश त्रिवेदी ने बताया कि जमीन की पैमाइश की गई है। इसमें 18 मकान ग्राम पंचायत की जमीन पर बने पाए गए। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई है। अधिकारियों के आदेश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पैमाइश से कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा है।