रायबरेली। जिला समन्वयक (एमआईएस) अविलय सिंह ने शनिवार को महराजगंज विकास क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा ने अनुपस्थित पाए जाने पर दो प्रधानाध्यापकों और एक सहायक अध्यापक के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की गई। साथ ही एक हेडमास्टर का एक दिन का वेतन काटा गया।
बीएसए को शिकायत मिली थी कि प्राथमिक विद्यालय नारायनपुर की प्रधानाध्यापक समय से पहले ही चली जाती हैं। इस पर बीएसए ने विद्यालय का निरीक्षण कराया। डीसी एमआईएस जब निरीक्षण पर पहुंचे तो प्रधानाध्यापक ऊषा गैरहाजिर मिली। जगह होने के बाद भी स्कूल में किचन गार्डन नहीं बनवाया गया।
विद्यालय में फर्श टूटी मिली और रंगाई पुताई भी नहीं कराई गई थी। बीएसए ने प्रधानाध्यापिका का वेतन रोकने का आदेश दिया। प्राइमरी स्कूल सलेथू में निरीक्षण करने पहुंचे तो प्रधानाध्यापक ज्योति नहीं मिली। बीएसए ने उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।
डीसी एमआईएस ने उच्च प्राथमिक विद्यालय सलेथू में निरीक्षण किया तो सहायक अध्यापिका शिखा गुप्ता चिकित्सकीय अवकाश पर थीं। बीएसए ने रिपोर्ट तलब की है कि इस शिक्षिका ने अब तक कितने अवकाश लिए है। प्राथमिक विद्यालय, लालगंज में प्रधानाध्यापिका नीलिमा श्रीवास्तव हस्ताक्षर करके चली गई थीं, जबकि शिक्षिका मंजू लता भी अनुपस्थित रहीं। इस पर दोनों के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की गई।