रायबरेली में शनिवार को वैदिक इंटर कॉलेज अरबी-फारसी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन मुमताज सिद्दीकी ने शनिवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सर्वोदय इंटर कॉलेज सलोन में छात्र-छात्राओं की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। कहा कि परीक्षा में फर्जीवाड़ा नहीं होना चाहिए।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुनीता देवी को फटकार लगाई। साथ ही फर्जी आवेदन कराने वाले मदरसों (विद्यालयों) को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। चेयरमैन के साथ मदरसा बोर्ड के सदस्य अनवार अहमद नदवी ने शनिवार को शहर के आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज, वैदिक इंटर कॉलेज व जीजीआईसी में चल रही मुंशी मौलवी परीक्षा का निरीक्षण किया।
यहां पर केंद्र व्यवस्थापकों पर नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान छात्रों की उपस्थिति और अनुपस्थिति देखी। इसके बाद सर्वोदय इंटर कॉलेज सलोन पहुंचे। यहां पर काफी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित होने पर नाराजगी जताई।
इस पर केंद्र व्यवस्थापक अमित भारती और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक अरबीउल अशरफ ने बताया कि अनुपस्थित छात्र में ज्यादातर व्यक्तिगत आवेदक है। यहां पर 392 में से 146 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
मदरसों के हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं को परीक्षा में शामिल होने के लिए छुट्टी नहीं देने का मामला भी उठा। इस पर चेयरमैन ने कहा कि यदि ऐसा है तो गलत है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग जांच कराए। छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर मो. मोअब्बिज मौजूद रहे।