रायबरेली। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) लखनऊ संदीप कुमार पंकज ने सोमवार को एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद वाहनों के खिलाफ शहर में अभियान चलाया। उन्होंने 52 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कराई। इससे वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सोमवार सुबह 11 बजे संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप कुमार पंकज एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। कार्यालय का निरीक्षण करते हुए प्रवर्तन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावी प्रवर्तन कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यालय में एआरटीओ (प्रशासन) आरके सरोज एवं यात्री कर अधिकारी अवध राज गुप्ता ने उन्हें जानकारी दी।
बाद में उन्होंने यात्री कर अधिकारी अवध राज गुप्ता के साथ सीट बेल्ट, हेलमेट, वाहनों में लगे ब्लैक फिल्म के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान जिन वाहनों में ब्लैक फिल्म मिली, उसे उतारा भी गया। त्रिपुला चौराहा, हरचंदपुर एवं बछरावां में 52 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।