रायबरेली। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. दशरथ यादव ने नियुक्ति के बाद दस्तावेज में हेरफेर करके जन्मतिथि में चार वर्ष कम करा लिए। इससे चार वर्ष अधिक समय तक नौकरी की। वह मूल रूप से प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं और जौनपुर में तैनाती के दौरान जन्मतिथि बदली थी। जांच में मामला सामने आने पर एडी हेल्थ ने मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही चार वर्ष के वेतन की रिकवरी का आदेश भी दिया है।
डॉ. दशरथ यादव जुलाई 2023 में जौनपुर से स्थानांतरित होकर रायबरेली आए थे। फरवरी 2024 तक जिले में रहने के बाद उन्होंने लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में तैनाती की अर्जी लगाई। अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए सिफारिश भी कराई। शासन स्तर पर एसीएमओ के तबादले की प्रक्रिया शुरू हुई। अभिलेख की जांच में जन्मतिथि में चार वर्ष का खेल पकड़ में आ गया।
जांच आगे बढ़ी तो पला चला कि जौनपुर में तैनाती के दौरान डॉ. दशरथ यादव ने नवंबर 2020 में अपनी जन्मतिथि बदलवाई थी। पूर्व की जन्मतिथि के अनुसार उन्हें अक्तूबर 2020 में ही सेवानिवृत्त हो जाना चाहिए था, लेकिन उन्होंने फर्जीवाड़ा करके चार वर्ष अधिक नौकरी की।
20 वर्ष पहले भी रायबरेली में हो चुका है फर्जीवाड़ा
जिले में 20 वर्ष पहले भी फर्जीवाड़ा करके चिकित्सकों की भर्ती की गई। कई माह तक वेतन भी दिया गया। बाद में मामला पकड़ में आने के बाद तत्कालीन डिप्टी सीएमओ डॉ. पीएन मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की गई। वेतन वसूली भी कराई गई। अब फर्जीवाड़ा का फिर बड़ा मामला उजागर हुआ है।
रायबरेली में तैनात रहे एसीएमओ डॉ. दशरथ यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। जन्मतिथि में हेरफेर करके उन्होंने करीब चार वर्ष अधिक नौकरी की है।
डॉ. जीपी गुप्ता, अपर निदेशक (चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) लखनऊ