रायबरेली। शहर के जेल रोड स्थित सन हॉस्पिटल में सर्जरी के बाद महिला की मौत के मामले में बुधवार को एसीएमओ डॉ. अंबिका प्रकाश ने अस्पताल पहुंचकर पड़ताल की। उन्होंने महिला के इलाज से संबंधित अभिलेखों के साथ ही ओपीडी व ऑपरेशन कक्ष से संबंधित रजिस्टरों को अपने कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन
भदोखर क्षेत्र के सुल्तानपुर जाला निवासी हेमा द्विवेदी को बीते बुधवार को गर्भाशय के ऑपरेशन के लिए जेल रोड स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि सर्जरी के बाद बीते शनिवार की रात महिला की हालत खराब हो गई। उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने निजी नर्सिंगहोम में पहुंचकर हंगामा किया था। मामला संज्ञान में आने के बाद एसीएमओ ने बुधवार को अस्पताल पहुंचकर महिला के इलाज से संबंधित अभिलेखों की जांच की। जरूरी अभिलेखों का कब्जे में ले लिया। सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद पड़ताल कराई जा रही है।