ऊंचाहार (रायबरेली)। गनपी मजरे रामसांडा गांव में कमरे में सो रही एक महिला पर तेजाब से हमला किया गया। वारदात की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया।
आननफानन महिला को सीएचसी लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसपी श्लोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तत्काल आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए।
शुक्रवार रात गनपी गांव निवासी सरस्वती (46) पत्नी रामनेवाज खाना खाने के बाद कमरे में सो रही थी। तभी अज्ञात व्यक्ति ने कमरे के पास पहुंचकर बाहर लगे बिजली के बोर्ड से लाइट बंद कर दी।
दीवार में ईंट की जगह बने बड़े छेद से उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया। इससे महिला का चेहरा व दाहिना अंग बुरी तरह झुलस गया।
घटना की जानकारी होते ही गांव वालों की भीड़ एकत्र हो गई। आननफानन उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शनिवार सुबह पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, कोतवाल शिवशंकर सिंह व फोरेंसिक टीम गांव पहुंची।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल लिया। कोतवाल ने बताया कि महिला के ऊपर कोई ज्वलनशील केमिकल डाला गया है। जांच की जा रही है।