रायबरेली। खीरों के खरगापुर निवासी रिटायर सीआरएफ जवान सुरेश शुक्ला को रविवार रात एक व्यक्ति ने घर की छत पर चढ़कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के हाथ में फरसा था। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर वह भाग निकला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
पीड़ित सुरेश शुक्ला के मुताबिक, रात करीब सात बजे गांव का ही एक व्यक्ति फरसा लेकर उनके घर में घुस आया और छत पर चढ़कर जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत पर पुलिस पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का आरोप है कि पांच दिन पहले भी आरोपी ने उनकी जान लेने का प्रयास किया था। कार्रवाई न होने पर उन्होंने एसपी से शिकायत करने की बात कही है। सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि घटना की जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।