रायबरेली जिले के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में रविवार को कोचिंग पढ़कर घर जा रही छात्रा को ट्रक ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। मोहल्ला चौरासी निवासी अंकिता मौर्य (16) पुत्री अशोक भागीरथी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा थी।
रविवार सुबह वह साइकिल से कोचिंग पढ़ने मुराईबाग गई थी। लौटते समय मुंशीगंज-डलमऊ राजमार्ग पर मुराईबाग रेलवे क्रॉसिंग के पास रायबरेली की तरफ से आ रहे ट्रक ने साइकिल सवार छात्रा को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद ट्रक उसे रौंदता हुआ निकल गया। कोतवाल पंकज तिवारी ने बताया कि छात्रा के चाचा शीतला प्रसाद की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अतिक्रमण की वजह से आए दिन होते हादसे
मुंशीगंज-डलमऊ राजमार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ अतिक्रमण है। इस वजह से आए दिन यहां जाम लगता है। लोग हादसे का शिकार होते हैं। सुशील कुमार यादव, मनोज कुमार, संदीप कुमार, सुधीर, ओम प्रकाश ने बताया कि अतिक्रमण के चलते पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।