डीह (रायबरेली)। सलोन के सूची कस्बे में तेज रफ्तार कार मंदिर को तोड़ने के बाद दुकानों में घुस गई। सुबह के वक्त हादसा होने से ज्यादा भीड़भाड़ नहीं थी। इस वजह से कोई हताहत नहीं हुआ।
हालांकि दुकानों का सामान जरूर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया। बाद में दुकानदारों और कार चालक के बीच समझौता हो गया।
रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर सूची चौराहे के पास हनुमान जी का मंदिर बना है। रविवार सुबह रायबरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मंदिर से टकराने के बाद सड़क किनारे गुमटी में रखी निरंजन की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान और सुशील की पान की गुमटी में घुस गई।
इससे दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कार चालक को दबोच लिया। पुलिस भी पहुंच गई। बाद में चालक और दुकानदारों के बीच समझौता हो जाने की वजह से कोई लिखापढ़ी नहीं हुई। सूची चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि कार चालक और दुकानदारों ने आपस में समझौता कर लिया।