सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह कक्षा-नौ की परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार छात्र को स्कूली बस ने टक्कर मार दी। इससे छात्र की मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक और क्लीनर बच्चों से भरी बस छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले दूसरी बस से बच्चों को स्कूल भेजा। उसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छात्र घर का इकलौता था।
पाल्हीपुर मजरे किठावा गांव निवासी शिवांग शुक्ला (14) प्रतापगढ़ जिले के लालगंज अझारा कोतवाली के नौती गांव स्थित विद्यालय में कक्षा-नौ की परीक्षा देने बाइक से जा रहा था।
गणेशगंज मार्ग के समीप औनानीस मोड़ के पास गणेशगंज की तरफ से आ रही स्कूल बस ने बाइक सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक और क्लीनर बच्चों को बस में छोड़कर भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूसरी बस बुलाकर बच्चों को स्कूल भिजवाया गया। हादसे में इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर मां मनोरमा देवी, बहन आकांक्षा, शुभी समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल हैं।
कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि मृतक छात्र के पिता पवन कुमार की तहरीर पर स्कूली बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।