सतांव (रायबरेली)। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के सतांव गांव में गुरुवार सुबह ट्यूबवेल के हौज में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। लोग युवक की हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। घटना के बाद परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
सतांव गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद (33) बुधवार दोपहर जानवर चराने घर से निकला था। देर रात तक वापस न आने पर परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला।
सुबह सतांव-कोरिहर मार्ग पर गांव के कोटेदार अमरेश द्विवेदी के ट्यूबवेल के हौज में परिवारजनों को राजेंद्र का शव मिला तो कोहराम मच गया। पिता रामलाल ने बताया कि उसके बेटे को 12 वर्षों से मिर्गी के दौरे आते थे, जिसका इलाज भी चल रहा है।
हालांकि क्षेत्रीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। सीओ लालगंज डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत की असल वजह सामने आएगी।