खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बाइक से उछलकर सड़क पर गिरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। महिला अपने देवर के साथ बेटी के घर जा रही थी।
ऊंचाहार के रामसांडा गांव की रहने वाली कुसुम प्रजापति (42) अपने देवर बालेंद्र प्रजापति के साथ बाइक से दृगपालगंज गांव अपनी बेटी लक्ष्मी के घर जा रही थी।
खीरों-अतरहर मार्ग पर खजुरिहाबांध के पास पहुंची। अचानक कुसुम का बाइक पर संतुलन बिगड़ गया और वह उछलकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
आसपास मौजूद लोगों ने उसे सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर गांव पहुंचते ही पति अशोक, बेटी आराधना, सरिता, लक्ष्मी, पूजा और बेटे अमर रो-रोकर हाल बेहाल है। एसओ बृजमोहन ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।