राही-डीह-बछरावां। जिले में बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए। भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे कैथन मजरे मुलिहामऊ गांव रामनेवाज (70) सुबह खेत जा रहा था।
इसी दौरान डीह की तरफ से आ रही अनियंत्रित वैन की टक्कर से वो घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
थानेदार पंकज तिवारी का कहना है कि बेटे मोहनलाल की तरफ से तहरीर मिली है। केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
डीह-परशदेपुर मार्ग पर अहल तिराहा पर एक बाइक सवार परशदेपुर की तरफ जा रहा था। अहल तिराहे के पास बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी डीह भेजा। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल युवक के नाम पते की जानकारी नहीं हो पाई।
बछरावां कस्बे के ओमनगर निवासी शुभम सोनकर (25) किसी काम से राजामऊ जा रहा था। बछरावां-राजामऊ मार्ग स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय के पास अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी।
हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।