लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के लखनऊ रोड पर बरवलिया गांव के निकट रविवार को सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ बाइक सवार होकर एक यज्ञोपवीत कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। सड़क पर ब्रेकर आने से अचानक वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
सरेनी थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव निवासिनी महेश्वरी (50) वर्ष अपने बेटे अभिषेक शर्मा के साथ बाइक से यज्ञोपवीत समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थी। रास्ते में बरवलिया गांव के निकट स्पीड ब्रेकर में अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ जाने से वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। अस्पताल की ओर से मौत की सूचना पुलिस को भेजी गई है। प्रभारी निरीक्षक अरूण कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में हुई थी। सूचना पर जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो परिवारीजन मृतक का शव लेकर जा चुके थे।