ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के एक युवक की मुजफ्फरनगर में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह सिविल जज का स्टेनो था। पिता की तबियत खराब होने पर वह घर आ रहा था, लेकिन वह स्टेशन पर हादसे का शिकार हो गया। शुक्रवार को उसका शव घर पहुंचा तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
रामसांडा गांव निवासी नीरज श्रीवास्तव मुजफ्फरनगर में सिविल जज के यहां स्टेनो के पद पर तैनात थे। पिता की तबीयत खराब होने पर बुधवार दोपहर वह न्यायालय से अवकाश लेकर नौचंदी एक्सप्रेस से घर आने के लिए मुजफ्फरनगर स्टेशन पहुंचे।
बताते हैं कि टिकट लेने में समय लग गया तब तक ट्रेन धीरे-धीरे चलने लगी। नीरज ने दौड़कर ट्रेन पकड़नी चाही और उसी बीच पैर फिसल जाने से ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों व अधिकारियों ने पोस्टमार्टम के बाद शव घर भेजा। शव घर पहुंचते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पिता बिंदेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि घर का अकेला चिराग था, जिसकी शादी तीन साल पहले हुई थी।