रायबरेली। सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। शहर क्षेत्र के अहियारायपुर निवासी लाला सोनकर (60) शुक्रवार शाम घर के सामने बैठा था। इसी दौरान ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
हादसे के बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। नेहरू नगर में राज बहादुर घायल अवस्था में मिला था। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उसकी भी मौत हो गई।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के परे बढइया मजरे दरसवां निवासी आशीष यादव भी सड़क हादसे में घायल हुआ था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दिलीप राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बाइक की टक्कर से किशोरी घायल
लालगंज। कोतवाली क्षेत्र के बाईपास रोड पर सेमरपहा गांव के निकट शनिवार को एक बाइक की टक्कर से साइकिल सवार किशोरी घायल हो गई। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सेमरपहा गांव निवासिनी सुनीता साइकिल से किसी काम से जा रही थी। तभी अचानक कस्बे की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गिरकर घायल हो गई। उसे सीएचसी लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।