ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को टायर फटने से बेकाबू जीप ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। युवक की मौत की जानकारी से परिवारीजनों में रोनापिटना मच गया।
गदागंज थाना क्षेत्र के गांव नया का पुरवा मजरे कुरौली बुधकर निवासी उपेंद्र कुमार (25) किसी काम से अरखा की तरफ गया था। वह शाम को वापस बाइक से ऊंचाहार की ओर आ रहा था। अरखा गांव स्थित प्लाई फैक्टरी के पास ऊंचाहार से प्रयागराज की ओर जा रही एक जीप का टायर अचानक फट गया। इसके चलते जीप अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार उपेंद्र को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में उपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल उपेंद्र को ऊंचाहार पुलिस व स्थानीय लोग ऊंचाहार सीएचसी लेकर गए जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल धर्मेंद्र दुबे ने बताया कि परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है। जीप को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।