पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालिका किला में रोली का टीका लगाकर छात्रा का किया जाता स्वागत।
रायबरेली। जिले के सभी प्राथमिक और जूनियर स्कूल मंगलवार से खुल गए। बच्चों में भी स्कूल जाने के लिए खासा उत्साह दिखा। बूंदाबांदी होेने के बाद भी बच्चे स्कूल पहुंचे। इस दौरान बच्चे बहुत खुश नजर आए। स्कूल पहुंचने पर शिक्षकों ने बच्चों का स्वागत किया। रोली लगाकर आरती उतारी गई तो साथ ही मुंह मीठा कराया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। बच्चों के लिए मंगलवार का दिन यादगार रहा।
प्राथमिक विद्यालय राजपुर में स्कूल के पहले दिन बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालिका किला के प्रधानाध्यापक डॉक्टर शांति अकेला ने विद्यालय स्टॉफ के साथ सभी बच्चों का स्वागत करते हुए टीका लगाया और मिष्ठान खिलाया। प्राथमिक विद्यालय पुरे रैकवान, प्राथमिक विद्यालय कोडर जहानपुर, प्राथमिक विद्यालय सिधौना में भी बच्चों का स्वागत किया गया। प्राथमिक विद्यालय झकरासी में बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने स्कूल का निरीक्षण किया।
ऊंचाहार के प्राथमिक विद्यालय पट्टी रहस कैथवल में पहले दिन पहुंचे बच्चों की प्रधानाध्यापिका संध्या सिंह ने आरती उतारी और तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। गोपालपुर उधवन में अतीस कुमार ने बच्चों को माला पहनाकर स्वागत किया। जबकि निजी स्कूलों में भी बच्चों का स्वागत हुआ। सरेनी में विद्यालय खुलने पर छात्रों के विद्यालय पहुंचने पर टीका व माला पहनाकर स्वागत किया गया। पीएम श्री विद्यालय धुरेमऊ में बच्चों को टीका लगाकर स्वागत किया गया।
एबीएसए सरेनी वीरेंद्र नाथ द्विवेदी ने प्राथमिक विद्यालय सतवाखेड़ा का निरीक्षण किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक सुनील कुमार, यज्ञ दत्त शुक्ला, विमल विक्रम सिंह,आनंद तिवारी मौजूद रहे। प्राथमिक विद्यालय बथुआ खास विकास खंड सतांव में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ अरुणेश चौधरी ने बच्चों को रोली चंदन लगते हुए माला पहनाकर स्वागत किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने डॉ अरुणेश को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
गदागंज में प्राथमिक विद्यालय अलीपुर चकराई में सहायक अध्यापक पल्लवी व शिक्षामित्र रूपम सिंह ने बच्चों को चॉकलेट, लड्डू व हलवा खिलाया। प्राथमिक विद्यालय में 56 छात्रों का नामांकन है, जिसमें मंगलवार को 42 छात्र उपस्थित रहे।