छात्रवृत्ति के बाद अब पेंशनधारकों को भी बैंक खाता को आधार से लिंकअप कराना पड़ेगा। शासन की ओर से आए फरमान के बाद जिला समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से अफसरों ने निर्देश जारी कर दिया है।
साथ ही सभी पेंशनधारकों को जल्द से जल्द बैंक खाता लिंकअप कराने के लिए कहा है। गरीबो के लिए सरकार की ओर से वृद्धावस्था, विकलांग और विधवा पेंशन दी जाती है।
इसमें सभी के बैंक खातों में पेंशन भेजी जाती है। इसमें काफी पैमानें धांधली होती है। इसे रोकने के लिए सत्यापन तो कराया जाता है, लेकिन इसका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ पाता है।
अब शासन ने छात्रवृत्ति की तरह ही पेंशनधारकों के खाते भी बैंक से लिंकअप कराने के निर्देश दिए है। जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह ने कहा कि शासन की मंशानुरूप सभी पेंशनधारकों के खाते आधार से लिंकअप होना जरूरी है।
यदि ऐसा नहीं हुआ तो पेंशन से भी वंचित होना पड़ सकता है। इस संबंध में सभी कर्मियों को निर्देश भी जारी किया जा चुका है।