अमावां। मिल एरिया इलाके में बुधवार रात ट्रैक्टर ट्राॅली पलटने से दबकर एक श्रमिक की मौत हो गई। जानकारी पर परिजनों में रोना पीटना मच गया।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के मदनखेड़ा गांव निवासी सुदामा पासवान (18) पुत्र राम नारायण मजदूरी करते थे। रात में एक व्यापारी ट्रैक्टर ट्राॅली पर गेहूं लादकर उसे बेचने के लिए मिल फैक्टरी ले जा रहा था। सुदामा ट्राॅली पर गेहूं के ऊपर बैठा था। अमावां चौराहे पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राॅली पलट गई। इससे सुदामा ट्रैक्टर ट्राॅली के नीचे दब गया।
जब तक लोग सुदामा को बाहर निकालते, उनकी मौत हो चुकी थी। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद व्यापारी ने ट्रैक्टर ट्राॅली में लदा गेहूं दूसरे स्थान पर रखवा दिया। पुलिस ने पहुंचकर ट्रैक्टर ट्राॅली को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।