बछरावां (रायबरेली)। उफरापुर गांव के पिंटू (28) पुत्र शेरा शनिवार को ससुराल कन्नावां गए थे। ससुराल के पास शनिवार रात 8:30 बजे लखनऊ की ओर जा रही चंडीगढ़ एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
लोको पायलट ने कस्बा रेलवे स्टेशन पर मेमो देकर बताया कि युवक पटरी पर लेटा था। गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण ट्रेन रोकी नहीं जा सकी। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि पटरी के बीच शव पड़े होने के कारण लखनऊ जा रही पद्मावत एक्सप्रेस आधा घंटा खड़ी रही। पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाया और परिवारजन को सूचना दी।
मृतक की पत्नी शालिनी ने बताया कि वह रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी नहीं है। मौत की सूचना के बाद से परिवारजन के आंशू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आरपीएफ चौकी प्रभारी एसके राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।