खीरों। शराब के नशे में चचेरे देवर ने अपनी भाभी व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य को खड़ंजे पर पटक-पटक कर मार डाला। साथ ही महिला के पति केे गाल को दांत से काटकर लहूलुहान कर दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बृहस्पतिवार रात करीब 8:30 बजे ठकुराइन खेड़ा मजरे सगुनी गांव में शोभालाल (50) का चचेरे भाई दिनेश कुमार अपने घर के लोगों से मारपीट कर रहा था। इस पर शोभालाल उसे समझाने के लिए पहुंचे तो दिनेश कुमार ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दिनेश कुमार ने शोभालाल के गाल को दांत से काट लिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह शोभालाल को दिनेश के चंगुल से छुड़ाया। घायलावस्था में शोभालाल जान बचाकर वहांं से भाग कर घर पहुंचे। जब वह घर पहुंचे तो उनकी पत्नी व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमारी (48) भैंस को चारा लगाने जा रही थी। इस बीच दिनेश भी उनके घर आ गया और उसने राजकुमारी पर हमला बोल दिया।
शोभालाल ने बताया कि दिनेश ने पत्नी राजकुमारी को सड़क पर लगे खड़ंजे पर कई बार पटका, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दिनेश को वहां से भगाया। इसके बाद शोभालाल पत्नी राजकुमारी को लेेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर मनोज मिश्रा ने राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं शोभालाल को गंभीर चोट के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और शोभालाल की तहरीर पर आरोपी दिनेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है।