रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र की भोजपुर चौकी में दो युवकों के साथ की गई बर्बरता के मामले में लाइन हाजिर किए गए दरोगा के खिलाफ एसपी ने विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। प्रकरण की जांच सीओ लालगंज को सौंपी गई है।
लूट के मामले में भोजपुर निवासी राजू और उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र के रामपुर खरही निवासी बबलू की बेरहमी से पिटाई कर दी गई थी। गुस्साए लोगों ने गुरुवार को भोजपुर चौकी का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया था।
एसपी ने चौकी इंचार्ज प्रशांत सिंह भदौरिया को लाइन हाजिर कर दिया था। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि चौकी प्रभारी की विभागीय जांच भी सीओ लालगंज इंद्रपाल से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दरोगा के खिलाफ अन्य कार्रवाई की जाएगी।
सरेनी विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने भोजपुर कस्बे पहुंचकर पीड़ित राजू तिवारी व बबलू और उनके परिवारीजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आप सभी को न्याय दिलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक से बात की गई है।
सिपाहियों को भी दंडित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों घायलों के इलाज में जो भी खर्च आएगा, उसको मैं वहन करूंगा। इस मौके पर रवि सिंह, मनोज सिंह, आशु सिंह, आशीष कुमार मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने भी भोजपुर कस्बे पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने झूठे आरोप में जिस निर्दयता से राजू व उसके बहनोई बबलू की कपड़े उतरवाकर पिटाई की है, वह शर्मनाक है।
यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो इस मामले को विधानसभा में उठाऊँगा। इस मौके पर सुरेश तिवारी, धीरज द्विवेदी, पिन्टू द्विवेदी, कन्हैया लाल मौजूद रहे।